डॉ. हरीसिंह गौर जब लन्दन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय में थे तभी उन्होंने लन्दन स्थित कैम्ब्रिज एवं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों को नजदीक से देखा एवं जाना था। वे इन दोनों विश्वविद्यालयों की कार्य-शैली से प्रभावित थे। उन्होंने लिखा है
भारत में छात्र इंग्लैण्ड की दो महान् यूनिवर्सिटीज़ की काफी तारीफ करते थे, पर वे यह नहीं जानते थे कि उनकी महानता का कारण उनका कठिन पाठ्यक्रम और पढ़ाई की गहनता नहीं थी बल्कि सामाजिक संस्कारों का प्रसार था।
डॉ. हरीसिंह गौर का कहना था कि कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों के समान ज्ञान केन्द्र (विश्वविद्यालय) को राजसत्ता से दूर ही होना चाहिए।
दिल्ली विश्वविद्यालय के संस्थापक वाइस चांसलर (1922-28) एवं तत्पश्चात् नागपुर विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर (1928-36 ई.) रहते हुए डॉ. हरीसिंह गौर ने अपनी मातृभूमि सागर में विश्वविद्यालय खोलने की योजना बनाई। सागर के डिप्टी कमिश्नर जे. के. अटल ने बताया कि दिसम्बर 1945 ई. में बी.एल. सराफ के साथ जब डॉ. हरीसिंह गौर चाय पी रहे थे उसी दौरान प्रथम बार सागर में विश्वविद्यालय स्थापित करने की बात उठी।
सागर विश्वविद्यालय की स्थापना में पं. रविशंकर शुक्ल की भी अहम् भूमिका थी। पं. रविशंकर शुक्ल का जन्म भी सागर में 2 अगस्त 1877 को रविशकर वार्ड (चमेली चौक, खुशीपुरा) में हुआ था। पं. रविशंकर शुक्ल और डॉ. हरीसिंह गौर में अभिन्न मित्रता थी। डॉ. हरीसिंह गौर 1938 से 1944 के बीच इंग्लैण्ड रहे। इंग्लैण्ड से लौटने के उपरान्त उन्होंने अपनी जन्मभूमि सागर में 20 लाख रुपए की स्थापना निधि से विश्वविद्यालय स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। वह चाहते थे कि प्रान्तीय सरकार उसमें रूचि ले तथा आर्थिक सहयोग भी प्रदान करे। प्रान्तीय सरकार विश्वविद्यालय, जबलपुर में बनाना चाहती थी। पं. द्वारका प्रसाद मिश्र भी यही चाहते थे। डॉ. हरीसिंह गौर को विश्वविद्यालय सागर में ही स्थापित करने हेतु काफी मशक्कत करनी पड़ी। पं. रविशंकर शुक्ल ने भी प्रयास किए और सागर में विश्वविद्यालय खुलवाने हेतु सरकार को तैयार किया। सरकार जब सहायता देने हेतु तैयार हुई तो वह इस विश्वविद्यालय की व्यवस्था पर अपने समूचे अधिकार चाहती थी। डॉ. हरीसिंह गौर सागर विश्वविद्यालय को कैम्ब्रिज और ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों की तरह स्वतन्त्र रखना चाहते थे।
16 फरवरी 1946 को डॉ. हरीसिंह गौर ने जनता के बीच अपना निश्चय प्रकट करते हुए कहा कि
मेरा अन्तिम निर्णय मैं आम कर रहा हूँ कि सेण्ट्रल प्रोविन्स में स्थापित किए जाने वाले विश्वविद्यालय का नाम सागर विश्वविद्यालय, सागर होगा और यह अन्य कहीं नहीं, मेरी जन्मभूमि सागर में ही होगा। इसकी स्थापना एवं व्यावहारिक प्रारम्भ पर आने वाले समस्त वित्तीय भार का वहन मैं स्वअर्जित
सम्पदा दान कर स्वयं करूँगा।
डॉ. गौर ने जो कहा उस पर अमल करते हुए अपनी वसीयत द्वारा अपनी सम्पत्ति का दो तिहाई भाग, जो उस समय लगभग दो करोड़ रुपए के बराबर था, सागर विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु दान कर दिया। डॉ. हरीसिंह गौर से सभी लोगों ने कहा कि यह विश्वविद्यालय आप अपने नाम पर रखिए। तब उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय का नाम सागर विश्वविद्यालय ही होगा। यह विश्वविद्यालय हजारों हरीसिंह पैदा करेगा। डॉ. हरीसिंह गौर नहीं चाहते थे कि भविष्य में सरकार इस विश्वविद्यालय को कहीं और स्थानान्तरित कर दे इसीलिए वह इसका नाम सागर विश्वविद्यालय ही रखना चाहते थे। इस प्रकार सागर के विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ।
सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए डॉ. हरीसिंह गौर ने जाने- माने शिक्षाविद् प्रणेश्वर नाथ काटजू को संगठन अधिकारी के रूप में निमन्त्रित किया। 10 डॉ. हरीसिंह के आमन्त्रण पर पं. जवाहरलाल नेहरू ने प्रख्यात शिक्षाविद् पं. प्रणेश्वरनाथ काटजू को विश्वविद्यालय की स्थापना में सहयोग हेतु सागर भेजा। पं. प्रणेश्वरनाथ काटजू का विवाह स्वरूपरानी (बप्पी) काटजू के साथ अमृतसर में 1937 में हुआ था। स्वरूपरानी पं. जवाहर मल (अटल) कौल की पुत्री थीं और पं. जवाहरलाल नेहरू की पत्नी श्रीमती कमला नेहरू की छोटी बहन थीं। इस प्रकार प्रणेश्वरनाथ काटजू एवं जवाहरलाल नेहरू दोनों आपस में साढू भाई थे। प्रणेश्वरनाथ काटजू एवं उसकी पत्नी स्वरूपरानी काटजू दोनों ने ही सागर विश्वविद्यालय की स्थापना एवं संगठन में डॉ. हरीसिंह गौर का सहयोग किया। 11 विश्वविद्यालय की स्थापना के ट्रस्टियों में से एक जे.के. अटल ने विश्वविद्यालय संगठन समिति के सदस्य पी.एन. काटजू के द्वारा विश्वविद्यालय की स्थापना में निभाई गई भूमिका पर प्रसन्नता व्यक्त की और उनकी योग्यता एवं संगठन शक्ति के लिए उन्हें बधाई दी।
कहा जाता है कि जब आप किसी चीज को दिल से चाहते हैं, उस चीज
की प्राप्ति हेतु आपका साध्य एवं साधन दोनों पवित्र होते हैं तब सारी कायनात आपको वह चीज दिलाने में जुट जाती है। प्रकृति एवं पुरुष एक-दूसरे के पूरक हैं। पुरुष जब पुरुषार्थ द्वारा कोई पवित्र लक्ष्य प्राप्त करना चाहता है तब प्रकृति उस लक्ष्य को प्रदान कराने का मार्ग निर्धारित करती है। डॉ. हरीसिंह गौर उच्च अध्ययन करना चाहते थे। इसकी सुविधा उनके अपने नगर सागर में नहीं थी। उन्होंने बचपन में ही सोच लिया होगा कि यदि सम्भव हुआ तो मैं सागर में उच्च शिक्षा की व्यवस्था करूँगा। यहीं से प्रकृति ने अपना कार्य आरम्भ किया। पहले तो उन्हें कैम्ब्रिज एवं ऑक्सफोर्ड की कार्य-प्रणाली दिखाई, उसके पश्चात् दिल्ली विश्वविद्यालय का संस्थापक वाइस चांसलर बनाकर, विश्वविद्यालय की स्थापना से सम्बन्धित कार्य-प्रणाली का अनुभव कराया। मध्यप्रान्त की सरकार का मुख्यालय नागपुर था, इसीलिए प्रकृति ने उन्हें नागपुर का वाइस चांसलर बनाया ताकि नागपुर स्थित सरकार के लोग डॉ. हरीसिंह गौर की प्रशासनिक क्षमता को परख लें। सरकारी बाधाओं को दूर करने के लिए प्रकृति ने उसी समय डॉ. गौर के मित्र पं. रविशंकर शुक्ल को मध्यप्रान्त का मुख्यमन्त्री बनवा दिया। इस तरह जैसे-जैसे डॉ. गौर की सागर में एक स्तरीय विश्वविद्यालय की स्थापना की इच्छा-शक्ति बढ़ती गई, वैसे-वैसे प्रकृति भी उनके लिए मार्ग बनाती रही। अन्ततः वह दिन भी आ गया जबकि 16 फरवरी 1946 को डॉ. हरीसिंह गौर ने अपने जन्म-स्थान सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना की विधिवत् उद्घोषणा की। डॉ. हरीसिंह गौर एक प्रख्यात विधिवेत्ता एवं शिक्षा-शास्त्री दोनों ही थे। इंग्लैण्ड के कैम्ब्रिज एवं ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालयों की कार्य-प्रणाली को उन्होंने बारीकी से देखा था। इस अनुभव का उपयोग दिल्ली विश्वविद्यालय एवं नागपुर विश्वविद्यालयों में उपकुलपति रहते हुए किया और ख्याति अर्जित की। यह एक दैवीय परियोजना रही जो सागर में विश्वविद्यालय स्थापित करने की ओर अग्रसर थी। यह प्राकृतिक न्याय था कि सागर विश्वविद्यालय की स्थापना में आने वाली सभी बाधाओं, किन्तु-परन्तु को दूर किया गया। सागर में विश्वविद्यालय स्थापित करने वाले विरोधियों पर डॉ. हरीसिंह गौर का व्यक्तित्व एवं उनके सहयोगी भारी पड़े और सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हुआ।
सागर विश्वविद्यालय की स्थापना के बहुत से कार्य सागर कैण्ट में माल रोड़ एवं अशोक रोड़ पर हुए। डॉ. हरीसिंह गौर "21, माल रोड़” में रहते थे। प्रणेश्वरनाथ काटजू उसी के एनेक्सी में रहते थे। दोनों ही विश्वविद्यालय की स्थापना के सम्बन्ध में गहन विचार-विमर्श करते रहते थे। प्रारम्भ में विश्वविद्यालय आरम्भ करने हेतु अशोक रोड़ स्थित “बंगला नं. 23” एवं “21, माल रोड़" का ही चयन किया गया।
विश्वविद्यालय के आरम्भ के लिए अन्ततः 18 जुलाई 1946 का दिन सुनिश्चित किया गया। सारा सागर शहर इस दिन का बेसब्री से इन्तजार कर रहा था। इसी बीच जनता को यह सुनकर अत्यन्त ही दुःख हुआ कि डॉ. हरीसिंह गौर इस शुभ दिन पर सागर में नहीं रहेंगे। डॉ. हरीसिंह गौर को विधान-निर्माता समिति के कार्य के सिलसिले में नागपुर जाना पड़ा। वे इस सतत् समृद्धशील नगर के निर्वाचित सदस्य घोषित हुए थे। विश्वविद्यालय की स्थापना के सिलसिले में उनको नागपुर जाना आवश्यक लगा। वह किसी भी कार्य को कल पर नहीं टालते थे। वे सही मायने में कर्मयोगी थे। 12 उन्होंने कोई दुविधा नहीं रखी और नागपुर जाकर गीता 2.48 के इस श्लोक को चरितार्थ किया
योगस्थः कुरु कर्माणि सङ्ग त्यक्त्वा धनन्जय । सिद्धयसिद्धयोः समो भूत्वा समत्वं योग उच्येत ।।
अर्थात् कार्य सिद्ध होगा या नहीं, तुम इस बात में मत उलझो। कर्मफल में आसक्ति को त्यागकर समभाव में होकर योग में स्थिर रहते हुए तुम कर्म करो।
इस तरह उन्होंने इस बात की तनिक भी चिन्ता नहीं की कि मेरी अनुपस्थिति में कार्य सिद्ध होगा या नहीं। उन्हें विश्वविद्यालय की स्थापना में जुटे अपने सहयोगियों पी.एन. काटजू, जे.के. अटल, लेफ्टिनेण्ट कर्नल एम. वेब आदि पर पूर्ण भरोसा था। विश्वविद्यालय की स्थापना का कार्य इन पर छोड़कर वे बिना किसी हिचकिचाहट के समत्व भाव से अपने कर्म को करने नागपुर चले गए। उनका यह गमन बी.के. मेडीटेशन के इस गीत की पंक्तियों का सत्य साबित कर रहा था कि -
ये मत कहो खुदा से, मेरी मुश्किलें बड़ी हैं। यह मुश्किलों से कह दो, मेरा खुदा बड़ा है।
आती हैं आंधियां तो, कर उनका खैर मकदम। तूफां से ही तो लड़ने, खुदा ने तुझे गढ़ा है।
लाएगी रंग मेहनत, आखिर तुम्हारी एक दिन । होगा विशाल तरुवर, वो बीज जो पड़ा है।। 13
जिस दिन का सागर की जनता को बेसब्री से इन्तजार था, वह दिन आ ही गया। 18 जुलाई 1946 को सारा शहर खुशी की लहर से सराबोर था। पदाधिकारीजन विश्वविद्यालय की स्थापना समारोह में भाग ले सकें, इस हेतु अदालतों में आधे दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया। समारोह के प्रबन्धक प्रणेश्वरनाथ काटन ने 500 के लगभग आमन्त्रित अतिथियों के लिए निःशुल्क बस सेवा की व्यवस्था कर दी। इसका प्रतिफल यह हुआ कि सागर के नर-नारियों ने पूर्ण उत्साह के साथ आकर समारोह में अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज की।
इस भव्य सागर विश्वविद्यालय स्थापना समारोह का सभापतित्व सागर के डिप्टी कमिश्नर जे.के. अटल ने किया। अटल जी ने आरम्भ में डॉ. हरीसिंह गौर की अनिवार्यतः अनुपस्थिति के विषय में दुःख प्रकट किया। सभा में उपस्थित सभी लोगों की स्थिति अत्यन्त ही द्वन्द्वपूर्ण थी। वे समझ नहीं पा रहे थे कि विश्वविद्यालय की स्थापना को लेकर खुशी व्यक्त करें या इस भागीरथी प्रयास में सफलता प्राप्त करने वाले डॉ. हरीसिंह गौर की अनुपस्थिति को लेकर दुःखी हों। चूँकि डॉ. हरीसिंह गौर की मेहनत रंग लाई थी अतः उनकी खुशी में ही जनता ने खुश होना बेहतर समझा।
अटल जी ने सागर में विश्वविद्यालय की स्थापना को एक अत्यन्त ही महत्त्वपूर्ण घटना बताया क्योंकि इसकी स्थापना के प्रश्न को लेकर नागपुर एवं जबलपुर जैसे नगरों से इसकी प्रतिस्पर्द्धा चल रही थी। अटल जी ने कहा कि उन्हें स्वयं भी इस बात का गर्व है कि उनके जीवन की एक बहुत बड़ी आकांक्षा की पूर्ति आज हुई है। यह अत्यन्त ही हर्ष की बात है कि जब यह योजना कार्यान्वित हो रही है, उस समय वे सागर में ही हैं। अटल जी ने अचम्मित होते हुए कहा कि यह मुझे एक चमत्कार जैसा लगता है कि आज से ही पूरे जोर-शोर से इस विश्वविद्यालय की स्थापना के साथ ही अनेक विषयों का अध्यापन कार्य भी प्रारम्भ हो रहा है।
अटल जी ने इस भव्य आयोजन का श्रेय संस्थापक डॉ. हरीसिंह गौर के भव्य दान, हिज एक्सीलेन्सी गर्वनर महोदय सर एच. जे. ट्वाइनम की तात्कालिक स्वीकृति और कमाण्डेण्ट इन चीफ़ सर क्लाइड ऑचिनलेक और उनके स्थानीय प्रतिनिधि लेफ्टिनेण्ट कर्नल एम. वेब की सहायता तथा लोकप्रिय मुख्यमन्त्री पं. रविशंकर शुक्ल को दिया, जिन्होंने विश्वविद्यालय से सम्बन्धित सभी कार्यों को शीघ्रातिशीघ्र सम्पन्न कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अटल जी ने लेफ्टिनेण्ट कर्नल वेब सहित संगठन समिति के सदस्यों के प्रति आभार भी प्रकट किया। इस उद्बोधन में उन्होंने विशेष रूप से प्रणेश्वरनाथ काटजू की संगठन क्षमता एवं योग्यता का भी उल्लेख किया। 290 के लगभग नवपंजीकृत विद्यार्थियों को सदुपदेश देते हुए अटल जी ने विश्वविद्यालय के लिए मंगल-कामना करते हुए अपना उद्बोधन समाप्त किया। सारा वातावरण खुशी की लहर भरी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रणेश्वरनाथ काटजू, गोपीलाल श्रीवास्तव एडवोकेट एवं बी.एल. सर्राफ आदि ने भी अपने प्रभावशाली व्याख्यान दिए। वातावरण तालियों की गड़गड़ाहट से निरन्तर गूँजता रहा। इस उत्साह से परिपूर्ण माहौल में ही मकरोनिया के सैनिक प्रशिक्षण विद्यालय के कमाणडंग ऑफिसर लेफ्टीनेण्ट कर्नल एस. वेब ने सागर विश्वविद्यालय के प्रथम सत्र के आरम्भ की घोषणा की। 14 उपस्थित विद्यार्थियों के साथ-साथ समस्त जनसमूह खुशी से झूम उठा। समस्त वातावरण एक बार पुनः तालियों की गड़गड़ाहट से गूँजायमान हो गया। इस प्रकार 18 जुलाई 1946 को सागर विश्वविद्यालय स्थापित हो गया। डॉ. हरीसिंह गौर ने रक्षा मन्त्रालय से मकरोनिया की बैरक्स प्राप्त की, जहाँ विश्वविद्यालय की कक्षाएं आरम्भ हो गई।
पं. रविशंकर शुक्ल मध्यप्रान्त एवं बरार (C.P. and Berar) के प्रथम मुख्यमन्त्री एवं 1 नवम्बर 1956 को अस्तित्व में आए मध्यप्रदेश के भी प्रथम मुख्यमन्त्री थे। डॉ. गौर की मंशा के अनुरूप सागर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में मुख्यमन्त्री को रखा गया, जबकि अन्य विश्वविद्यालयों में कुलाधिपति राज्यपाल होते थे। 15 डॉ. हरीसिंह गौर 24 नवम्बर 1946 को सागर विश्वविद्यालय के प्रथम एवं संस्थापक वाइस चांसलर (उपकुलपति) बने।
मई 1873 ई. में सागर के हाईस्कूल को सागर से जबलपुर स्थानान्तरित कर दिया गया। 16 डॉ. हरीसिंह गौर इससे काफी आहत हुए। उन्हें सागर से आगे की पढ़ाई करने इसीलिए बचपन में ही जबलपुर जाने के लिए बाध्य होना पड़ा था। उन्होंने दुःख व्यक्त करते हुए स्वयं लिखा था -
इण्टरमीडिएट कॉलेज सागर से स्थानान्तरित होकर जबलपुर चला गया जिसके साथ ही सागर के शैक्षणिक केन्द्र होने की रंगत भी चली गई। इस नुकसान से वह और तेजी से अपने पतन की राह पर चल पड़ा और वह एक गैर-महत्त्व का उपलब्धि-विहीन स्थान बनता गया। ..18 जुलाई 1946 को सागर विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद भी उसे इण्टरमीडिएट स्कूल की तरह सागर से जबलपुर ले जाने के प्रयास चल रहे थे। डॉ. हरीसिंह गौर ने अपने कानून के पूर्ण ज्ञान से कहा कि यदि सरकार स्थापित होने के पश्चात् विश्वविद्यालय को जबलपुर ले जाएगी तब वह मुकदमा करेंगे। डॉ. गौर के प्रयास सार्थक सिद्ध हुए और विश्वविद्यालय सागर में ही रहा।
पं. रविशंकर शुक्ल के प्रयासों से नवम्बर 1946 में राज्यपाल ने सागर विश्वविद्यालय को विधिवत स्वीकृति प्रदान कर दी। 19 25 नवम्बर 1946 को प्रान्तीय शासन ने सागर विश्वविद्यालय अधिनियम पारित किया।
डॉ. हरीसिंह गौर को पथरिया की पहाड़ियों से बचपन से ही लगाव था। वे विश्वविद्यालय वहीं स्थापित करना चाहते थे। मकरोनिया में विश्वविद्यालय की स्थापना अस्थायी तौर पर की गई थी। कतिपय लोगों का कहना था कि पथरिया पहाड़ी पर विश्वविद्यालय की स्थापना ठीक नहीं रहेगी, वहाँ पानी की कमी रहेगी। इन प्रश्नों पर डॉ. गौर ने कहा कि पथरिया की पहाड़ियाँ सुविधापूर्व हैं। मुझे वहाँ की प्रकृति का ज्ञान है, वहाँ पहाड़ियों के नीचे मैदानों में बहुत पानी है। यह बात वे इतने आत्मविश्वास से बोले जैसे कि कोई भूगर्भ शास्त्री बोल रहा हो। उनका यह कथन सत्य निकला। पथरिया पहाड़ी की ढलानों पर जब कुआँ खोदा गया तो उसमें बहुत पानी निकला। उधर मकरोनिया में पानी घट गया। 20 यह थी डॉ. हरीसिंह गौर के विश्वास की शक्ति एवं दूरदर्शिता। इस प्रकार पथरिया पहाड़ी पर उनके द्वारा विश्वविद्यालय स्थापना का प्रयास सफल रहा। जब वे बीमार पड़े तब उन्होंने अपने दाह-संस्कार एवं समाधि तक के लिए पथरिया पहाड़ी पर स्थान नियत कर दिया था।
सागर में विश्वविद्यालय तो स्थापित हो गया था, उसके आरम्भ होने में आने वाली समस्त कठिनाइयों को दूर करने में डॉ. हरीसिंह गौर निरन्तर लगे रहते थे। ज्यादा समस्या धन इकट्ठा करने की भी रहती थी ताकि विश्वविद्यालय स्वशारित एवं स्वतन्त्र रहे। उस पर शासन का दबाव न रहे। आर.एस. सैनी ने लिखा है -जाने से रोकने, धन (फण्ड्स) इकट्ठा करने, फिर लोगों को यह समझाने कि पथरिया स्थित (साइट) अच्छी होगी तथा वहाँ सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी, इत्यादि पर जाता था। पर जब भी समय मिलता विश्वविद्यालय के पठन-पाठन पर भी ध्यान देते तथा उत्साहित करते थे। अब उनके सपने में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय था तथा उसी तरह का विश्वविद्यालय वह चाहते थे। 21
25 दिसम्बर 1949 को डॉ. हरीसिंह गौर के निधन के उपरान्त प्रख्यात इतिहासकार आर.पी, त्रिपाठी (1950 से 1956) सागर विश्वविद्यालय के उपकुलपति बने। उन्हीं के कार्यकाल में भारत के प्रथम प्रधानमन्त्री पं. जवाहरलाल नेहरू ने 30 अक्टूबर 1952 ई. में पथरिया पहाड़ी पर विश्वविद्यालय के पुस्तकालय की आधारशिला रखी। आज भी यह पुस्तकालय "जवाहरलाल नेहरू पुस्तकालय” के नाम से जाना जाता है। यह पुस्तकालय अत्यन्त ही समृद्ध है एवं भारत के अच्छे पुस्तकालयों में इसकी गिनती होती है। आरम्भिक दौर में इसमें 17,030 पुस्तकें थी। वर्तमान में इस पुस्तकालय में 5 लाख से अधिक पुस्तकों का ज्ञान-रूपी भण्डार है। 2006 से ई-लायब्रेरी सुविधा भी आरम्भ हो गई है। 22
सागर विश्वविद्यालय के शुभारम्भ के अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू के सम्मान में सागर विश्वविद्यालय में विशिष्ट दीक्षान्त समारोह आयोजित किया गया। पं. रविशंकर शुक्ल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दीक्षान्त समारोह के अवसर पर पं. जवाहरलाल नेहरू को मानद उपाधि से विभूषित किया गया। इस तरह पुस्तकालय का शिलान्यास करने के उपरान्त ही अन्य भवनों के निर्माण का कार्य भी आरम्भ हुआ।
पं. रविशंकर शुक्ल ने आर.पी. त्रिपाठी के पश्चात् पं. द्वारका प्रसाद मिश्र (1956-62) को सागर विश्वविद्यालय का उपकुलपति बनाया। वे भी एक इतिहासविद् विचारक, स्वाधीनता संग्राम सेनानी थे। उन्हीं के कार्यकाल में 1956-57 में सागर विश्वविद्यालय मकरोनिया की मिलिट्री बैरकों से हटकर पथरिया पहाड़ी पर निर्मित नवीन परिसर में स्थानान्तरित किया गया। इस प्रकार आज यह विश्वविद्यालय विन्ध्य रेंज की पथरिया पहाड़ी पर लगभग 1312.89 एकड़ क्षेत्र में विस्तृत है।
पं. द्वारका प्रसाद मिश्र मध्यप्रान्त एवं बरार की सरकार में जब पं. रविशंकर शुक्ल मुख्यमन्त्री थे तब वे ग्रहमन्त्री थे। अपने पूर्व ग्रहमन्त्री पद का लाभ उठाते हुए, सागर विश्वविद्यालय का उपकुलपति रहते हुए पं. द्वारका प्रसाद मिश्र ने सागर विश्वविद्यालय की एक-एक इंच भूमि को स्वयं पैदल चलकर नपवासा तथा सरकार से विश्वविद्यालय के पक्ष में हस्तान्तरित कराया। विश्वविद्यालय की आज जितनी भी पुरानी इमारतें हैं वे पं. द्वारका प्रसाद मिश्र की परिकल्पना है।
सागर विश्वविद्यालय के जियोलॉजी विभाग के प्रो. डब्ल्यू.डी. बेस्ट ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि जिस तरह से ब्रिटेन के लन्दन में स्थित सेंटपॉल कैथेड्रल के भीतर पट्टिका पर लिखा हुआ है कि “यदि आप इस कैथेड्रल के निर्माता के बारे में जानना चाहते हैं तो इस भवन की एक-एक ईंट को महसूस करें", उसी तरह यदि आप द्वारका प्रसाद मिश्र को जानना चाहते हैं तो सागर विश्वविद्यालय के एक-एक भवन और उसकी एक-एक ईंट को महसूस करें आप समझ जाएंगे कि पं. द्वारका प्रसाद मिश्र क्या थे। 23
राज्य विधानसभा द्वारा 1983 ई. में सागर विश्वविद्यालय का नाम बदलकर डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर रख दिया गया।
केन्द्रीय विश्वविद्यालय
अपनी स्थापना के पश्चात् से ही सागर विश्वविद्यालय निरन्तर प्रगति के पथ पर अग्रसर होता रहा। इस विश्वविद्यालय को योग्य वाइस चांसलर मिलते रहे। देश के बेहतर शिक्षकों की नियुक्तियाँ होती रही। विभागों में श्रेष्ठ स्तर का शोध-कार्य होता रहा। स्नातक एवं स्नातकोत्तर अध्ययन के कारण निरन्तर छात्रों की संख्या बढ़ती रही। संसाधनों का भी विकास होता रहा अतः इसको केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की भी माँग होती रही।
केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने की पहल पं. द्वारका प्रसाद मिश्र ने भी मुख्यमन्त्री रहते हुए 1964 में की थी। आर.एस. सैनी 1964 ई. में गए डेलीगेशन में पं. द्वारका प्रसाद मिश्र से मिले थे। उन्होंने लिखा है -
प. द्वारका प्रसाद मिश्र ने कहा था कि सागर विश्वविद्यालय केन्द्रीय विश्वविद्यालय हो सकता है, मैं भी इसके लिए श्री हुँमायू कबीर से जो कि केन्द्रीय शिक्षा सचिव थे, उनसे कहूँगा। सागर विश्वविद्यालय प्रदेश के कई विश्वविद्यालयों की जननी है तथा डॉ. गौर की सरस्वती की तपस्या का फल है। इसको केन्द्रीय दर्जा दिलाने के लिए उन विश्वविद्यालयों को भी प्रयास करने चाहिए। केन्द्रीय सरकार को इन सब बातों की ओर ध्यान देना चाहिए। सागर विश्वविद्यालय में पिछड़ा तथा आधुनिक वर्ग का संगम है। इसकी स्थिति ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र को जोड़ती है। इस विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा देकर केन्द्र सरकार सरस्वती की आराधना तथा डॉ. गौर साहब के उद्देश्य को पूर्ण करेगी। 24
फरवरी 1970 में राष्ट्रपति बी.बी. गिरि सागर विश्वविद्यालय में आए। उनके साथ राज्यपाल के.सी. रेड्डी भी थे। उस समय भी छात्र संघ ने विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय में परिणत करने हेतु माननीय राष्ट्रपति महोदय से माँग की थी।
पं. द्वारका प्रसाद मिश्र के आह्वान के बाद भी डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने के प्रयास विश्वविद्यालय के लोगों एवं सागर की जनता द्वारा निरन्तर किए जाते रहे। विश्वविद्यालय निरन्तर अकादमिक उपलब्धियां भी हासिल करता रहा। मध्यप्रदेश में केन्द्रीय विश्वविद्यालय के दर्ज की प्राप्ति के लिए सागर के साथ-साथ भोपाल एवं इन्दौर ने भी अपनी सशक्त दावेदारी प्रस्तुत की। एक बार पुनः सफलता ने सागर का ही वरण किया। 29 मार्च 2008 को केन्द्र सरकार ने 11वीं पंचवर्षीय योजना के तहत् देश के 14 शहरों में विश्वस्तरीय केन्द्रीय विश्वविद्यालय खोलने की योजना बनाई, इसमें डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय को भी शामिल कर लिया गया। 21 फरवरी 2009 को केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मन्त्री अर्जुन सिंह ने सागर में श्रीमंत राजमाता विजयाराजे सिंधिया स्वर्ण जयन्ती सभागार में आयोजित समारोह में डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय को 15 जनवरी 2009 से केन्द्रीय दर्जा दिए जाने की विधिवत् घोषणा की। इस प्रकार संसद् के अधिनियम द्वारा 15 जनवरी 2009 को "डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर" एक केन्द्रीय विश्वविद्यालय बन गया। भारत के राष्ट्रपति इसके विजिटर बने। वर्तमान में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष माननीय प्रो. डी.पी. सिंह उस समय डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति थे। उन्होंने भी इस विश्वविद्यालय को केन्द्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा दिलाने में अहम भूमिका निभाई। केन्द्रीय विश्वविद्यालय का प्रथम कुलपति होने का गौरव प्रो. एन.एस. गजभिये को प्राप्त हुआ।